क्षेत्र में ग्राम पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतें बढ़ गई हैं। बुधवार दोपहर बाद अभियान चलाकर ततेहरा और प्यारेपुर गांव में ग्राम पंचायत की जमीनों की पैमाइश की गई तो 13 लोगों के कब्जे मिले। दो लोगों के नाम पता लग सके।
शेष के नाम सही तरीके से पता न लगने के चलते दो नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी फरार हैं। वहीं इस कार्रवाई से कब्जेदारों में हड़कंप मचा हुआ है।
ग्राम पंचायत की जमीन पर कब्जे का मामला थम नहीं रहा है। शासन के निर्देश के बावजूद अवैध कब्जा करने वाले लोग हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ततेहरा और प्यारेपुर गांव में बड़े पैमाने पर शिकायतें मिल रही थी।
इसके तहत बुधवार को उपजिलाधिकारी पंकज कुमार की अगुवाई में दोनो गांवों में अभियान चलाकर लेखपालों द्वारा ग्राम पंचायत के जमीनों की पैमाइश कराई गई। इस दौरान ग्राम ततेहरा निवासी रामजी पुत्र शिव नरायण व प्यारेपुर निवासी मोहय्यदीन पुत्र अजीमुल्ला समेत 13 लोगों के कब्जे मिले।
इन सभी के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण के तहत एफआईआर दर्ज करायी गयी है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि अवैध कब्जा करने वालों के विरूद्ध कडी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्र के अन्य ग्राम पंचायतों में भू माफियाओं को चिन्हित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।