बैंक का कैश सोमवार सुबह इलाहाबाद ब्रांच के गेट पर लूटने का प्रयास किया गया। कैश करेंसी चेस्ट से ब्रांच लाया जा रहा था। दुस्साहसिक तरीके से लूट की कोशिश के दौरान बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग भी की।
घटना को अंजाम देने में असफल बदमाश बाइकों से बहराइच की ओर भाग निकले। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस व अधिकारी छानबीन कर रहे हैं। यह घटना इलाहाबाद बैंक शाखा हरिहरपुर रानी खरगौरा मोड़ पर हुई।
सुबह करीब 11 बजे कैशियर अभिषेक आनंद, अनुचर रामजी के साथ इंडिका कार (यूपी46ई-2778) से भिनगा स्थित करेंसी चेस्ट पैसा लेने गया था। वहां से दोनों 20 लाख रुपये की करेंसी बक्से में रख कर ब्रांच के लिए निकले। 11:30 बजे के करीब ब्रांच के सामने पहुंचे।
कैशियर व अनुचर कैश बाक्स लेकर शाखा के अंदर जाने लगे तभी वहां पहले से हेलमेट लगाए खड़े एक व्यक्ति ने बाक्स को छीनने का प्रयास किया। कैशियर के विरोध करने पर उसकी बदमाश से धक्कामुक्की भी हुई।
यह देख बदमाश ने पिस्तौल निकाल कर कैशियर पर तान दी। तभी गेट पर स्थित एटीएम गार्ड राम प्रताप ने ललकार लिया। इससे घबराया बदमाश सड़क की ओर भागा। कुछ ही दूर पर सड़क किनारे खड़ी तीन बाइक लिए पांच अन्य बदमाश खड़े थे।
उनमें किसी बदमाश ने तीन-चार राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां चलने से ब्रांच व आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। भगदड़ का फायदा उठा कर लुटेरे बाइकों पर सवार हो बहराइच की ओर भाग निकले। घटना की जानकारी बैंक प्रबंधक गौरव सेठ ने भिनगा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है।