जमुनहा (श्रावस्ती)। पटना के मजरा ऐंठा में सोमवार रात घर के बाहर सो रहे एक अधेड़ पर कुछ लोगों ने सोते समय धारदार हथियार से हमला बोल दिया। इससे अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया।
उजले सीएचसी से जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया है। परिवारीजनों की तहरीर पर मल्हीपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पटना के मजरा ऐंठा निवासी रामचंदर (50) अपने पुत्र विकास के साथ घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। मध्य रात के करीब कुछ लोगों ने रामचंदर पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। इसमें रामचंदर गंभीर रूप से घायल हो गया।
रामचंदर को पिटता देख विकास ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर परिवारीजनों सहित अन्य ग्रामीणों को आता देख हमलावर मौके से भाग निकले।
गंभीर रूप से घायल रामचंदर को परिवारीजनों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलहीपुर ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसे जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया।
इस मामले में रामचंदर के परिवारीजनों द्वारा भूमि विवाद को लेकर पुरानी रंजिश बताते हुए गांव के ही चार लोगों के विरुद्ध मल्हीपुर पुलिस को तहरीर दी है।
थानाध्यक्ष मल्हीपुर बृजेश कुमार यादव बताते हैं कि मामले की जांच की जा रही है। आरोप की पुष्टि होने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।