भारत-नेपाल सीमा के रुपईडीहा बार्डर आउट पोस्ट पर एक नेपाली मानव तस्कर को युवती के साथ दबोचा गया। तस्कर गोवा में शादी करने का झांसा देकर युवती को सीमा पार करवा रहा था। पूछताछ के बाद दोनों को नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया है।
नेपाल पुलिस ने युवती को माइती संस्था के सुपुर्द कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ मानव तस्करी की कार्रवाई शुरू की गई है। एसएसबी 42वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट जगजीत बहादुर जगुवार ने बताया कि मंगलवार रात को एक युवक के साथ युवती नेपाल से भारत में प्रवेश कर रही थी।
एसएसबी चौकी पर ब्यौरा दर्ज करते समय दोनों के नाम में अंतर देख पूछताछ शुरू की गई। पता चला कि 19 वर्षीय युवती नेपाल में दांग जिले के तुलसीपुर क्षेत्र की निवासी है। उसे दांग जिले के शांतिनगर गांव विकास समिति वार्ड नंबर चार निवासी अमर बहादुर ने गोवा में शादी कर घर बसाने का झांसा दिया था।
युवती ने बताया कि एक वर्ष पूर्व 31 वर्षीय अमर बहादुर से फेसबुक पर मुलाकात हुई थी। चैटिंग कर उसने साथ जीने मरने की कसमें खाईं थीं। एसएसबी सहायक कमांडेंट ने बताया कि अमर बहादुर से जब सख्ती से बात की गई तो पता चला कि वह शादी शुदा है और युवती को झांसे में रखकर सीमा पार कर भारत ले जा रहा था।
सहायक कमांडेट के मुताबिक अमर बहादुर की ससुराल जुमलेकुला नेपाल में है। पूछताछ में मानव तस्करी का खुलासा होने पर एसएसबी ने नेपाल पुलिस और नेपाल की माइती संस्था को बुलाकर युवती और युवक को उनके सुपुर्द कर दिया। सहायक कमांडेट ने बताया कि युवती की काउंसलिंग करने के बाद माइती संस्था ने उसे परिवार के सुपुर्द कर दिया है।