बहराइच। दरगाह थाना क्षेत्र के बख्शीपुरा मोहल्ले में दो दिन पूर्व एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। इस मामले में मृतका की बेटी ने पुलिस अधिकारियों को बयान देकर अपने पिता पर मां को जिंदा जलाने और फिर दबाव डालकर मां से पक्ष में बयान कराने का आरोप लगाया है। बेटी के बयान के आधार पर विवाहिता के पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।
दरगाह शरीफ थाना अंतर्गत मोहल्ला बख्शीपुरा निवासी शहनाज (38) दो दिन पूर्व संदिग्ध हालात में झुलस गई थी। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस मामले में उसकी बेटी मुस्कान ने तहरीर देते हुए कहा कि उसके पिता अमीन ने ही मां को केरोसिन डालकर जलाया है।
जब उसकी मां कमरे से चिल्लाते हुए भगी, तब उसने ही चादर फेंककर आग पर काबू पाया। लेकिन मां का इलाज नहीं कराने और उसकी देखभाल नहीं करने का दबाव डालकर जबरन बयान उससे दिला दिया गया, जिसमें उसने अपने आप आग लगने का बयान दिया। उसकी बेटी की तहरीर पर पुलिस ने पिता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
एएसपी नगर अजय प्रताप का कहना है कि शादी के 17 साल बीत चुके हैं। ऐसे में दहेज हत्या का कोई मामला नहीं है। लेकिन बेटी के बयान के आधार पर पिता अमीन के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।