नानपारा परिक्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के लिए शनिवार शाम को पावर कॉर्पोरेशन की ओर से अभियान चलाया गया। इस दौरान पांच गांवों के 59 घरों में विद्युत चोरी होते मिली। इस मामले में सहायक अभियंता ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नानपारा उपकेंद्र में तैनात सहायक अभियंता दीपचंद्र गुप्ता की अगुवाई में पावर कॉर्पोरेशन कर्मियों की टीम ने शनिवार को बड़गांव, परसपुर, भगवानपुर, भवनियापुर और ईशापुरवा में विद्युत कनेक्शनों की जांच की।
इस दौरान बड़गांव में 16, परसपुर में सात, भगवानपुर में एक, भवनियापुर में 21 और ईशापुरवा में 14 ग्रामीण विद्युत चोरी करते हुए मिले। मौके पर ही सभी के घरों की लाइन काटकर केबिल को कब्जे में ले लिया गया। सहायक अभियंता ने सभी 59 ग्रामीणाें को नामजद करते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर कार्रवाई करेंगे।