बहराइच/रिसियामोड़। पंचायत चुनाव में आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को विभिन्न स्थानों से आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले 36 वाहनों को पुलिस ने सीज किया।
कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन स्थल के पास से कोतवाली देहात व नगर की पुलिस ने प्रत्याशियों के नामांकन जुलूस के साथ आए नौ वाहन कब्जे में लिए, जबकि रिसिया पुलिस ने एक प्रत्याशी के नामांकन जुलूस में शामिल 15 वाहनों को सीज किया है। डीएम व एसपी ने तीन ब्लॉकों का दौरा कर 12 वाहनों को सीज कराया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए मंगलवार को नामांकन का दौर शुरू हुआ। नामांकन में प्रत्याशी और उनके समर्थकों की ओर से वाहनों के काफिले के साथ जुलूस निकाला जा रहा था, जबकि चुनाव आयोग ने प्रत्याशियों को महज एक ही वाहन लेकर चलने की अनुमति दे रखी है।
इसकी भनक लगने पर जिलाधिकारी अभय की अगुवाई में डीएम तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया गया। डीएम ने स्वयं वाहनों की निगरानी की। तिराहा के पास कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वर्मा व एसएसआई देवानंद ने चेकिंग करते हुए छह वाहनों को सीज किया।
कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा ने भी डीएम तिराहे के निकट चेकिंग लगाई। यहां से पुलिस ने झंडा-बैनर लगे तीन वाहन सीज किए हैं।
रिसिया में जिला पंचायत सदस्य के वार्ड नंबर 17 से प्रत्याशी नसीम के जुलूस में वाहनों का काफिला शामिल था। एसओ आलोक राव ने जुलूस को रोक लिया, जिस पर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
यहां 15 वाहनों को सीज कर दिया गया। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने तेजवापुर, शिवपुर व महसी का दौरा किया। यहां 12 वाहनों को डीएम व एसपी ने सीज कराया।