युवक पर गिरा एचटी लाइन का तार, झुलसकर मौत
कैसरगंज (बहराइच)। सीएचसी के निकट बुधवार की रात अलाव ताप रहा युवक एचटी लाइन का तार गिरने से गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कैसरगंज थाना अंतर्गत बैराकाजी कोटवा गांव निवासी नदीम (25) पुत्र इब्राहीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज में तैनात डॉ. विनोद की कार चलाता था। प्रतिदिन की तरह बुधवार रात वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट अलाव ताप रहा था।
इसी दौरान ऊपर से गुजरे एचटी विद्युत लाइन का तार टूटकर नदीम के ऊपर गिर गया। इस पर आसपास मौजूद लोग भाग खड़े हुए। जब तक उपकेंद्र को सूचना दी जाती, तब तक झुलसकर नदीम की मौत हो गई। विद्युत सप्लाई रुकने पर आनन-फानन में लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चिकित्सक डॉ. विनोद का कहना है कि अलाव तापते समय एचटी लाइन का तार टूटने से चपेट में आकर चालक नदीम की मौत हुई।
थानाध्यक्ष श्यामबहादुर सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।