बस में सवार 28 यात्री घायल हुए हैं। इनमें 12 यात्रियों का उपचार कर सीएचसी से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जबकि एक घायल यात्री की हालत नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना का कारण घना कोहरा रहा।
बस में 43 यात्री सवार थे। मौके पर परिवहन निग के एआरएम व पुलिस महकमे के अधिकारी पहुंचे। एआरएम ने मामले में उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।
बहराइच डिपो की बस संख्या यूपी 40 टी 2835 का संचालन कानपुर और मिहींपुरवा के बीच होता है। उसी के तहत मंगलवार भोर बस कानपुर से बहराइच बस अड्डे पर पहुंची।
बस में 43 यात्री सवार थे। बस चार बजे के आसपास मिहींपुरवा को रवाना हुई। बहराइच-नानपारा मार्ग पर नानपारा के श्रावस्ती सहकारी चीनीमिल के पहले गुलालपुरवा गांव के पास सवारियों से भरी बस पहुंची तो अचानक घना कोहरा आ गया।
इस पर बस चालक विशेश्वरगंज निवासी श्रीकांत मिश्र (40) पुत्र अंबिका प्रसाद संतुलन खो बैठे। इससे बस 15 फीट गहरे खड्ड में जा गिरी। चीख पुकार मच गई। गांव के लोग मदद को दौड़े। कोतवाली को सूचना दी गई।
मौके पर सीओ नानपारा भरत यादव, इंस्पेक्टर एके सिंह दलबल के साथ पहुंचे। घायलों को बस से निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पहुंचाया गया। हादसे में 28 लोग घायल हुए हैं।
इनमें 12 की हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। जबकि रियाज की हालत ज्यादा नाजुक होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।