रुपईडीहा (बहराइच)। एसएसबी 42वीं वाहिनी के जवानों और रुपईडीहा पुलिस ने संयुक्त गश्त के दौरान एक स्मैक तस्कर को धर दबोचा। उसके पास से 45 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। बरामद स्मैक को सीज कर तस्कर को जेल भेज दिया गया है। स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 45 लाख रुपये बतायी जा रही है।
एसएसबी 42वीं वाहिनी के उप कमांडेंट शैलेश कुमार ने बताया कि सीमा क्षेत्र में नशे के कारोबारियों की सक्रियता का पता चला था। इस पर सशस्त्र सीमा बल के जवान व प्रभारी निरीक्षक मधुपनाथ मिश्रा की अगुवाई में संयुक्त गश्ती टीम गठित की गई। भारत-नेपाल सीमा पर जवान आने-जाने वालों की चेकिंग कर रहे थे।
इस दौरान एक नेपाली युवक बाइक से तेज रफ्तार में रुपईडीहा कस्बे से नेपाल सीमा में जाता दिखा। बाइक सवार को रोक कर तलाशी ली गई तो उसके पास से 45 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पकड़े गए तस्कर की पहचान देव भंडारा निवासी वीरेंद्र नगर वार्ड नंबर नौ जिला सुर्खेत नेपाल के रूप में हुई है। बरामद स्मैक को सीज कर नेपाल निवासी तस्कर को जेल भेज दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 45 लाख रुपये है। बरामद स्मैक और बाइक को सीज कर दिया गया है। इस कारोबार में लिप्त कुछ और लोगों के नाम का पता चला है, उनकी तलाश की जा रही है।
काठमांडू भेजी जाने थी स्मैक
थानाध्यक्ष मधुपनाथ मिश्रा ने बताया कि जिस नेपाली युवक को स्मैक के साथ पकड़ा गया है। उसने पूछताछ में बताया है कि यह स्मैक काठमांडू भेजी जानी थी। इस मामले में नेपाल पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है।