संजय सेतु पर मरम्मत कार्य के दौरान लगा जाम। -स्रोत : सोशल मीडिया
बहराइच। राजधानी लखनऊ को चार जिलों से जोड़ने वाले संजय सेतु में बुधवार को अचानक दरार आ गई। पुल के एक जॉइंट में दरार आने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है, दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पूरे दिन लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
पुल के जॉइंट में दरार आने से बहराइच, गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती से लखनऊ आने और जाने वाले लोगों को दिन भर जाम का सामना करना पड़ा। हालांकि पुल के जॉइंट में दरार की खबर मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।
सुरक्षा को देखते हुए पुल से गाड़ियों को बहुत धीमी गति से निकाला जा रहा है। इसका सीधा असर यातायात पर पड़ा है। दिनभर पुल के दोनों तरफ भीषण जाम की स्थिति बनी रही। इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बाराबंकी के रामनगर और बहराइच के जरवलरोड थाने की पुलिस मौके पर तैनात है।
जरवलरोड थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि पुल की मरम्मत का काम चल रहा है, हाईवे की तकनीकी टीम लगी हुई है। प्रशासन का दावा है कि मरम्मत का काम जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाएगा, ताकि आवागमन सामान्य हो सके।