बहराइच/हुजूरपुर। किसान डिग्री कालेज में कंप्यूटर आपरेटर के पद पर तैनात कर्मचारी व पंजाब नेशनल बैंक कर्मी की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। प्रोटोकॉल के तहत शव का अंतिम संस्कार करवा दिया गया है। उधर 117 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें नानपारा के चिकित्सक दंपती भी शामिल हैं। सर्वाधिक शहर क्षेत्र के 55 लोग पॉजिटिव मिले हैं। सभी को होम आईसोलेट करा दिया गया है। कुल एक्टिव केस की संख्या 542 पहुंच गई है।
जिले में कोरोना का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। संक्रमण के साथ ही कोरोना संक्रमितों की मौत में भी इजाफा हो रहा है। सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के मोहल्ला अकबपुरा निवासी अनुज श्रीवास्तव (39) किसान डिग्री कालेज में कंप्यूटर आपरेटर के पद पर संविदा पर तैनात था। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए रिपोर्ट में अनुज पॉजिटिव निकला था। मंगलवार को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। प्रोटोकॉल के तहत शव का अंतिम संस्कार करवा दिया गया। हुजूरपुर विकास खंड के करमुल्लापुर गांव निवासी रामकृपाल सिंह (56) पंजाब नेशनल बैंक लखनऊ में तैनात थे। होली में अवकाश पर वह गांव आए थे।
यहां पर तबियत खराब हुई। लखनऊ के कमांड अस्पताल में बैंक कर्मी का इलाज शुरू हुआ। जांच के दौरान वह पॉजिटिव निकले। मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवारीजन शव लेकर घर आए। प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार करवा दिया गया है। उधर स्वास्थ्य विभाग की ओर से रिपोर्ट जारी की गई। जिसमें 117 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले।
सीएमओ ने बताया कि शहर क्षेत्र 55 संक्रमित निवासी हैं। जबकि बलहा विकास खंड में तीन, चित्तौरा में पांच, जरवल में नौ, महसी छह, मिहींपुरवा व नवाबगंज में आठ-आठ, रिसिया व फखरपुर छह-छह, तेजवापुर तीन, हुजूरपुर, कैसरगंज, पयागपुर व शिवपुर में दो-दो पॉजिटिव मिले हैं। सीएमओ ने बताया कि सभी को होम आईसोलेट करा दिया गया है। कोरोना की दूसरी लहर में कुल एक्टिस केस 542 हो गई है। जबकि संक्रमितों की कुल संख्या 4782 पहुंच गई है। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य टीम की ओर से मंगलवार को 1625 लोगों की कोरोना जांच की गई।
शहर के मोहल्ला अकबरपुरा निवासी अनुज श्रीवास्तव को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज बहराइच से लखनऊ रेफर किया गया था। लेकिन लखनऊ में बेड नहीं मिला। इस पर परिवारीजन उसे जिला मुख्यालय ले आए। यहां मंगलवार को अनुज की मौत हो गई।