खैरीघाट में सड़क जाम कर प्रदर्शन करते कांवरिया।
बहराइच। खैरीघाट थाना क्षेत्र स्थित बुद्धेश्वरनाथ मंदिर से काली मंदिर लौट रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली शुक्रवार देर शाम रास्ते में खराब हो गई। कांवड़ियों का आरोप है कि इस दौरान एक सिपाही ने रास्ता खाली कराने के लिए उनसे अभद्रता की। इसके विरोध में कांवड़ियों ने मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। बुद्धेश्वर नाथ मंदिर से लौटते समय कांवड़ियों की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली रास्ते में खराब होने से मार्ग अवरुद्ध होने लगा तो मौके पर मौजूद एक सिपाही ने उनसे ट्रैक्टर-ट्रॅाली किनारे करने की बात कही।
ग्रामीणों का आरोप है कि सिपाही ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और ट्रॉली में रखी धार्मिक सामग्री को भी नष्ट कर दिया। ग्रामीणों ने सिपाही के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे खैरीघाट थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने कांवड़ियों को समझा बुझाकर शांत कराया। उन्होंने दोषी सिपाही पर कार्रवाई करने की भी बात कही।