ग्रामीणों से वार्ता करते अधिकारी।
मिहींपुरवा। विकास क्षेत्र की ग्राम पंचायत लालपुर चांदाझार में मतदाता सूची से 198 लोगों का नाम कटने का मामला तूल पकड़ने लगा है। नाराज ग्रामीणों ने भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पर शुक्रवार को प्रदर्शन कर एसडीएम व बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा नाम दोबारा शामिल कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि पात्र मतदाताओं के नाम बिना पूर्व सूचना, सत्यापन और सुनवाई के मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है और बिना वैध कारण नाम हटाया जाना मतदाताओं के सांविधानिक अधिकारों का हनन है। ज्ञापन में मांग की गई है कि गांव में विशेष मतदाता सत्यापन एवं सुधार शिविर आयोजित कर बीएलओ की मौजूदगी में पात्र लोगों का सत्यापन कराया जाए तथा उनके नाम तत्काल मतदाता सूची में जोड़े जाएं।
साथ ही नाम काटने की प्रक्रिया में यदि अनियमितता मिले तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। बीडीओ विजय कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से मतदाता सूची से 198 नाम हटाए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।