श्रावस्ती। भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। रसोई गैस सिलिंडर का दाम घटाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेस जिला महासचिव रत्नेश्वर अमन पांडे ने कहा कि भाजपा की ओर से राजस्थान व छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों में जुमलों का पिटारा खोला गया। भाजपा ने राजस्थान में 450 रुपये व छत्तीसगढ़ में 600 रुपये में रसोई गैस सिलिंडर देने का वादा किया है। जबकि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है।
वहां पर घरेलू गैस सिलिंडर अभी भी बढ़े दामों पर मिल रहे हैं। आम लोगों को घर चलाने में काफी दिक्कतें होती हैं। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार होते हुए भी आमजन को महंगे दामों पर गैस खरीदना पड़ रहा है। जहां चुनाव है, वहां इनके द्वारा सस्ते दामों पर गैस सिलिंडर देने की घोषणा और जहां सरकार नहीं है वहां महंगे दामों पर गैस सिलिंडर मिलना भाजपा के दोहरे चरित्र को उजागर करती है।
ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में भी 450 रुपये में रसोई गैस मुहैया कराने की मांग की है। इस मौके पर मो. असलम, यशोदा नंदन शर्मा, इमरान खान, मो. आदिल व महेंद्र पाठक सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद