बहराइच। वैवाहिक समारोह के बीच लोगों को रात में किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए रात दस बजे के बाद डीजे व बैंडबाजा बजाने पर रोक लगाई जा रही है। एसपी ने बृहस्पतिवार को बैंडबाजा, लॉज, मैरिज लॉन व डीजे संचालकों के साथ बैठक कर यह बात कही है।
पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम हाॅल में एसपी प्रशांत वर्मा ने कहा कि विवाह समारोह के समय तेज आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्र न बजाए जाए। इससे लोगों को दिक्कत होती है। रात दस बजे के बाद डीजे व बैंडबाजा बजाने पर रोक लगा दी गई है।
एसपी ने लॉन, मैरिज हॉल, रिसोर्ट के मालिकों को हिदायत देते हुए कहा कि बुकिंग के समय आने वाले वाहनों को अपने लॉन मैरिज हॉल/रिसोर्ट में पार्किंग की व्यवस्था अंदर ही कराए।
पार्किंग की व्यवस्था नहीं है तो आसपास स्थित खाली जगह पर पार्किंग कराए। सभी लॉन, मैरिज हॉल, रिसोर्ट के सामने पार्किंग बोर्ड लगवाए। कप्तान ने कहा कि यदि निर्धारित स्थल पर पार्किंग नहीं मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। डीजे व बैंड बाजा संचालकों को हिदायत दी गई कि बरात ले जाते समय मुख्य मार्गों को छोड़कर अन्य मार्गों से बरात निकालें।