मिहींपुरवा तहसील में समाधान दिवस में समस्याएं सुनते अधिकारी। - संवाद
बहराइच। जिले के सभी थानों में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। भूमि विवाद, अवैध कब्जा, पारिवारिक विवाद, मारपीट और राजस्व संबंधी शिकायतों को लेकर लोग सुबह से ही पहुंचने लगे। पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से शिकायतें सुनीं तथा उनके समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
पयागपुर थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता तहसीलदार अंबिका चौधरी ने की। थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि ज्यादातर शिकायतें भूमि विवाद और कब्जेदारी से संबंधित रहीं। ग्रामीण रामकुमार ने पड़ोसी पर खेत की मेड़ हटाकर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया। इस पर राजस्व टीम को मौके पर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। पयागपुर थाने में कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
फखरपुर थाने में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी कैसरगंज डीके श्रीवास्तव ने की। थानाध्यक्ष संजीव चौहान ने बताया कि कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से छह का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि चार मामलों का समाधान पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर जाकर कराया।
इस दौरान बाजार निवासी बुद्धू ने सार्वजनिक सड़क पर निर्माण कर आवागमन बाधित किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त टीम को जांच के लिए मौके पर भेजने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा देहात कोतवाली, दरगाह शरीफ, रिसिया, हरदी, मोतीपुर, रामगांव, खैरीघाट, नानपारा और रुपईडीहा थानों में भी बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज की गईं। कई मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों की जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।