बहराइच। शहर के मोहल्ला सलारगंज में शनिवार सुबह एक युवक अपने घर की टिनशेड की मरम्मत कर रहा था। उसी दौरान वह एचटी लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर लौट गए। बाद में पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव को वापस अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सलारगंज निवासी रईस अहमद (40) के घर का टिनशेड जर्जर हो चुका था। बरसात के मौसम को देखते हुए वह शनिवार सुबह उसकी मरम्मत के लिए छत पर चढ़े थे। मरम्मत के दौरान वह पास से गुजर रही एचटी लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
उनकी चीख सुनकर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें नीचे उतारकर मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने से पहले परिजन उसे घर ले गए। सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शव को फिर मेडिकल कॉलेज लाए। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।