जरवल (बहराइच)। नासिरगंज के चकपुरवा गांव निवासी एक बालक सोमवार को घर से बकरी चराने निकला था। लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन की गई, लेकिन पता नहीं लगा। सुबह उसका शव बिजली के तार से चिपका हुआ मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जरवलरोड थाना अंतर्गत ग्राम नासिरगंज के मजरा चकपुरवा निवासी राजितराम का आठ वर्षीय पुत्र संचित यादव प्रतिदिन की तरह सोमवार दोपहर में घर से बकरी चराने के लिए निकला था। देर शाम को बकरियां घर पहुंच गईं। लेकिन संचित नहीं पहुंचा। तब उसकी खोजबीन शुरू हुई। पूरी रात परिवार के लोग परेशान रहे। लेकिन बालक का कहीं पता नहीं चल सका।
मंगलवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर लोगों ने बालक का शव खंभे से झूल रहे तार से चिपका देखा। सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया। परिवारीजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। वहीं प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र पटेल भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया बिजली के करंट से मौत का पता चल रहा है। फिर भी शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।