जरवल (बहराइच)। चेयरमैन पति रविवार की सुबह नगर में स्थिति सब्जी मंडी में ठेके पर कार्यरत एक कर्मचारी के साथ पहुंचे और दुकान की सब्जी फेंकने लगे। इसका सभासद में विरोध किया। इस पर चेयरमैन पति ने सभासद व दुकानदारों को धमकी दी। इसके बाद सभासद व व्यापारियों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर पंचायत जरवल की अध्यक्ष तस्लीम बानो के पति इंतिजार अहमद रविवार की सुबह नगर पंचायत में ठेके पर तैनात कर्मचारी के साथ सब्जी मंडी पहुंचे। यहां पर कर्मचारी संजय के साथ मिलकर एक दुकान की सब्जी फेंक दी। इस दौरान वहां मौजूद सभासद एहसान वारिश ने कर्मचारी व इंतिजार अहमद को रोका।
इस पर इंतिजार अहमद सभासद व सब्जी विक्रेताओं से अभद्रता करने लगे और दुकान नहीं खोलने देने की धमकी दी। इस पर सब्जी दुकानदार व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता के पास पहुंचे। व्यापार मंडल के पदाधिकारी व सब्जी दुकानदार के साथ सभासदों ने प्रभारी निरीक्षक जरवलरोड को प्रार्थना पत्र दिया है।
सभी ने पत्र में लिखा है कि इंतिजार अहमद के ऊपर कई मुकदमे दर्ज हैं। सभासद एहसान वारिश ने कहा कि सभासदों को डर है कि यदि चेयरमैन पति नगर पंचायत दफ्तर में आते हैं तो किसी भी प्रकार की कोई घटना हो सकती है और जनता भी इनसे भयभीत है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जरवलरोड बृजेंद्र पटेल ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है जांच के बाद मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।