फखरपुर (बहराइच)। फखरपुर क्षेत्र स्थित वन विभाग की नर्सरी में पेड़ों की रखवाली कर रहे वन वाचर पर अचानक सांड़ ने हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई।
फखरपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत अलादादपुर निवासी अशोक कुमार पांडेय (43) वन विभाग में संविदा पर वाचर के पद पर तैनात थे। मरौचा-बसंतापुर के आसपास वन विभाग की नर्सरी में लगे पेड़ों की वह रखवाली कर रहा था। बुधवार की शाम एक सांड़ हनुमंत हायर सेकेंडरी स्कूल आलादादपुर के निकट पेड़ों को नुकसान पहुंचा रहा था। अशोक ने उसे भगाने का प्रयास किया।
सांड़ ने अशोक पर हमला कर दिया। सांड़ ने अशोक को कई बार उठा-उठाकर पटका, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक के भतीजे विकास पांडेय ने बताया कि पुलिस को तहरीर दी गई है। थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के भतीजे की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले की जांच की जा रही है।
नहीं थम रहे सांड़ के हमले
जिले के जिम्मेदार भले ही छुट्टा मवेशियों को पकड़ने का दावा कर रहे हैं, लेकिन लगातार सांड़ के हमले में हो रही मौत इन दावों को खोखला साबित कर रहे है। बुधवार की शाम वन वाचर की मौत से पहले इसी महीने 15 नवंबर को सांड़ ने बौडी थाना क्षेत्र के लोधनपुरवा निवासी उदयराज पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया था।
धनतेरस के दिन बाजार से वापस जा रहे हरदी थाना क्षेत्र के हरदी गांव निवासी त्रिवेणी दत्त पाठक (70) की बाइक में साड़ ने टक्कर मार दिया था। इसमें त्रिवेणी की मौत हो गई थी, उनका बेटा आदित्य घायल हो गया था।