नानपारा-मिहींपुरवा बाईपास पर फलमंडी के पास हुए सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन व जमा भीड़।
- फोटो : BAHRAICH
नानपारा (बहराइच)। नानपारा-मिहींपुरवा बाईपास पर रविवार की सुबह बहराइच से जा रही बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बोलेरो सवार सभी 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की चीखपुकार से हड़कंप मच गया। सभी घायलों को सीएचसी नानपारा ले जाया गया। जहां सभी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान दो घायलों की मौत हो गई। जबकि तीन की स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
बहराइच से जा रही तेज रफ्तार बोलेरो रविवार सुबह लगभग चार बजे नानपारा-मिहींपुरवा बाईपास पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी। बोलेरो की रफ्तार अधिक होने से वाहन के परखच्चे उड़ गए। घायलों में चीखपुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुुंचे पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को नानपारा सीएचसी पहुंचाया।
बोलेरो में कुल 10 लोग सवार थे। जिसमें पांच महिलाएं, चार बच्चे व एक पुरुष शामिल था। घायलों की पहचान मुन्नी निवासी दरोगापुरवा, नीतू निवासी रुपईडीहा, खुशबू निवासी दरोगापुरवा, पूनम निवासी मिहींपुरवा, राज सोनी निवासी मिहींपुरवा, महिमा निवासी दरोगापुरवा, शिवांगी निवासी रुपईडीहा व गुड्डू निवासी दरोगापुरवा के रूप में हुई। सीएचसी पर घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए सभी को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान गुड्डू सोनी व खुशबू सोनी की मौत हो गई। घायलों में तीन की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।