मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को महसी विधानसभा क्षेत्र के बेड़नापुर रामलीला मैदान से जिले को 352 करोड़ की 70 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि बहराइच अब आकांक्षी जनपद नहीं, बल्कि विकास की नई पहचान बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला तथा महाराजा सुहेलदेव के सम्मान, सुशासन और कानून व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों की जगह जेल या जहन्नुम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले बहराइच भू-माफिया और अवैध गतिविधियों के कारण बदनाम था, लेकिन आज जिले की पहचान तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने महाराजा सुहेलदेव को वह सम्मान दिलाया, जो पूर्ववर्ती सरकारें नहीं दे सकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने विदेशी आक्रांता सालार मसूद गाजी के नाम पर मेले को बढ़ावा दिया, जबकि उनकी सरकार ने इस पर रोक लगाकर महाराजा सुहेलदेव के नाम पर भव्य स्मारक और मेडिकल कॉलेज स्थापित कराया।
ये भी पढ़ें - लखनऊ-कानपुर बस यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट, 14 रुपये घटा किराया; एक्सप्रेसवे के रास्ते लगेगा 18 रुपये अधिक
ये भी पढ़ें - लखनऊ अग्निकांड: कबाड़ और लटकते तार, आग के मुहाने पर है जवाहर और इंदिरा भवन; तस्वीरों में देखें हकीकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाराबंकी-बहराइच फोरलेन परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है। सात हजार करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। उन्होंने दावा किया कि कृषि के क्षेत्र में बहराइच देश में दूसरे और शिक्षा के क्षेत्र में चौथे स्थान पर पहुंचा है। कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को इंटरमीडिएट तक अपग्रेड करने, भरतपुर में विस्थापित परिवारों के लिए आवासीय कॉलोनी तथा अन्य विकास योजनाओं का भी उल्लेख किया।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले किसान आत्महत्या करने को मजबूर था, कानून व्यवस्था चरमरा गई थी और भ्रष्टाचार विकास पर भारी था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बिना जाति और तुष्टीकरण के सुशासन के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों की जगह जेल या जहन्नुम है। मुख्यमंत्री ने जिले में मगरमच्छ और तेंदुए के हमलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन को जंगल से सटे गांवों में गश्त बढ़ाने, बिना दरवाजे वाले घरों में दरवाजे लगवाने तथा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लोगों को वन्यजीवों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि जनहानि रोकी जा सके।
सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, आईजी अशोक शुक्ला, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव और सीडीओ सुनील कुमार धनवंता ने व्यवस्थाओं की निगरानी की। जनसभा में पूर्व सांसद अक्षय लाल गोंड, विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, नानपारा रामनिवास वर्मा, बलहा सरोज सोनकर, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि तेजवापुर रमाकर पांडेय आदि मौजूद रहे।