फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रैपिड सर्वे में सामान्य को बना दिया पिछड़ा

विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। आगामी नगर निकाय चुनाव को देखते हुए कराए जा रहे रैपिड सर्वे में नपाप कर्मियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सर्वे के दौरान बिना पूछे ही लोगों के घरों के सामने पिछड़ा लिखकर सर्वे कर दिया गया। लगभग 15 सामान्य लोगों के घरों को सर्वे में पिछड़ा दिखा दिया गया। जानकारी होने पर मोहल्लेवासियों ने हंगामा काटा। सूचना पर पहुंचे सभासद ने मामला शांत कराया और नपाप कर्मियों को सूचना देकर त्रुटि सही कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद नपाप कर्मी पहुंचे और गलती सुधारी। ईओ ने जांच कराकर कार्रवाई की बात कही है।
विज्ञापन

नगर निकाय चुनाव के पहले पिछड़े वर्ग की गणना की जा रही है। शहर के सभी मोहल्लों में नगर पालिका कर्मचारी गणना करने के साथ ही दरवाजे के पास प लिखकर नंबर डाल रहे हैं। शहर के चिक्कीपुरा मोहल्ले में सामान्य जाति के लोगों के यहां बिना पूछे ही उनके घर की दीवार पर प लिखकर नंबर डाल दिए गये। इसकी जानकारी मोहल्लेवासियों को गुरुवार की देर शाम हुई। सामान्य जाति होने के बावजूद पिछड़ा दिखाकर सर्वे करने की जानकारी होने पर मोहल्लेवासियों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही मोहल्ले के सभासद मनोज धानकूट पहुंचे। लोगों की बात सुनकर उन्होंने समझाया और फोन कर नगर पालिका के कर्मचारियों को बुलाया। सभासद ने बताया कि मोहल्लेवासियों के सामने नगर पालिका के कर्मचारियों ने अपनी गलती स्वीकार की।
गलती छिपाने के लिए कर्मचारी दीवार पर लिखा प और नंबर मिटाने लगे। इस पर मोहल्लेवासी आक्रोशित हो उठे। काफी समझाने के बाद मामला शांत हुआ। सभासद ने बताया कि लोगों के गुस्सा होने के बाद नगर पालिका के कर्मचारियों ने शुक्रवार की भोर में ही सही करके चले गए। चिक्कीपुरा मोहल्ला निवासी नीलम श्रीवास्तव ने बताया कि उनको नहीं पता था कि उनके घर के बाहर सर्वे टीम ने सर्वे करके उन्हें पिछड़ी जाति का दिखा दिया। जब गुरुवार की शाम को हंगामा शुरू हुआ तब उन्होंने देखा तो दीवार पर प 161 लिखा था। सभासद मनोज धानकूट ने बताया कि चिक्कीपुरा मोहल्ले में रैपिड सर्वे के दौरान कर्मचारियों ने बड़ी लापरवाही की। मोहल्ले में कम से कम 15 घर ऐसे रहे जो सामान्य थे उन्हें पिछड़ा दिखाया गया। ऐसे लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ अधिकारियों को कार्रवाई करनी चाहिए। ईओ बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें