बहराइच। नवीन शिक्षण सत्र बीते एक जुलाई से शुरू हो गया है। स्कूल खुलने के साथ ही माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की बायोमीट्रिक उपस्थिति लगाने के साथ ही सभी शिक्षकों व छात्र-छात्राओं की ईमेल आईडी व विद्यालयों की वेबसाइट बनाने के निर्देश अप्रैल में दिए गये थे। अधिकांश विद्यालयों ने यह प्रक्रिया पूर्ण भी कर ली है, लेकिन अब भी 17 विद्यालय ऐसे हैं जिनकी वेबसाइट नहीं बनाई गई है। डीआईओएस ने नोटिस जारी कर जल्द से जल्द वेबसाइट बनाने का आदेश दिया है।
वेबसाइट न बनने पर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि जिले में 295 इंटर कॉलेजों का संचालन किया जा रहा है। इनमें 53 सरकारी, 28 सहायता प्राप्त व 214 वित्तविहीन इंटर कॉलेज हैं। वेबसाइट बनने से अभिभावकों को अपने बच्चों का प्रवेश कराने के लिए इंटरनेट पर ही विद्यालयों में तैनात शिक्षक, उपलब्ध विषयों समेत अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। डीआईओएस डॉ. चंद्रपाल ने बताया कि 17 विद्यालय ऐसे हैं जिनकी वेबसाइट नहीं बनाई गई है। ऐसे विद्यालयों को नोटिस जारी की गई है। जल्द ही वेबसाइट न बनाने पर कार्रवाई की जाएगी।