गायघाट/बाबागंज(बहराइच)। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के मटिहा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही 35 वर्षीय चालक शत्रोहनलाल मिश्रा नीचे गिरकर ट्रक की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर मोतीपुर थानाध्यक्ष मुकेश सिंह ने टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रक चालक फरार हो गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, रुपईडीहा थाना क्षेत्र में रुपईडीहा-नानपारा हाईवे पर दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इसमें सुनील व शमीम गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि एक अन्य युवक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृत युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।