नवाबगंज(बहराइच)। नवाबगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत धर्मनगर के मजरा शादीगांव निवासी एक विवाहिता की शादी कोतवाली देहात के मोगलहा गांव में हुई थी। मंगलवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता के पिता ने दामाद पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि कोतवाली पुलिस ने तहरीर वापस कर दी।
नवाबगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत धर्मनगर के मजरा शादीगांव निवासी इदरीश खां ने बताया कि छह वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री सलीमुन निशा का निकाह देहात कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोगलहा के भरभकवा निवासी यूनुस उर्फ गुलाब से किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि निकाह के बाद से ही दामाद दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित कर रहा था। इस कारण सलीमुन अक्सर मायके में ही रहती थी। चार दिन पहले ही सलीमुन ससुराल गई थी। मंगलवार को सलीमुन ने फोन कर बताया था कि पति ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद हालचाल लेने सभी उसके घर गये तो पता चला कि वह अस्पताल में भर्ती है, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इदरीश ने बताया कि सलीमुन का सिर फटा था और खून निकल रहा था। साथ ही देहात कोतवाली पुलिस पर आरोप लगाते हुए इदरीश ने बताया कि मामले की सूचना तत्काल देहात पुलिस को दी गई थी जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। जब पुलिस को दामाद के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए तहरीर दी गई तो वापस कर दी गई। पुलिस ने कहा कि पहले अंतिम संस्कार करा लो फिर तहरीर देना। मामले में देहात कोतवाल सतेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जानकारी नहीं है। विवाहिता के पिता कोतवाली आएंगे तो कार्रवाई की जाएगी।