रानीपुर(बहराइच)। हुजूरपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत रमवापुर में जल जीवन मिशन के तहत पाइप डालने के लिए खोदे गये गड्ढे में गिरकर गोवंश की मौत हो गई। हालांकि, दो गोवंश को ग्रामीणों ने बचा लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने एक सप्ताह पूर्व पाइप डालने के लिए गड्ढा खोदा था, लेकिन न तो पाइप डाला और न ही पटाई करवाई। इसके चलते सोमवार को तीन गोवंश गड्ढे में गिर गये। इसकी सूचना तत्काल ठेकेदार को दी गई, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद के पैसे से हाइड्रोलिक मशीन मंगवाकर गोवंश को बाहर निकाला, लेकिन तब तक एक गोवंश की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
मामला हुजूरपुर की ग्राम पंचायत रमवापुर का है। यहां जल शक्ति मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण करवाया जा रहा है। इसी के तहत पाइन लाइन डालने के लिए गड्ढा खोदा गया था। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी ठेकेदार ने पाइप लाइन नहीं डाली। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार को तीन गोवंश गड्ढे में गिर गये थे। गड्ढा काफी संकरा होने के कारण गोवंश जख्मी होकर तड़पते रहे। लोगों ने काफी प्रयास किया, लेकिन गोवंश को बाहर नहीं निकाला जा सका।
इसके बाद सूचना ठेकेदार को दी गई, लेकिन वह लापरवाह बना रहा। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद के पैसे हाइड्रोलिक मशीन मंगवाकर गोवंश को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक एक गोवंश की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीण प्रदीप सिंह, विवेक सिंह, अंकित सिंह ,साजन सिंह, मो. साकिर आदि ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही से एक गोवंश की मौत हो गई। अगर लापरवाही जारी रही तो और बड़ी दुर्घटना हो सकती है।