रूपईडीहा (बहराइच)। पड़ोसी देश नेपाल के बांके में 16 साल की लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के सात आरोपी गिरफ्तार कर लिए गये हैं। लड़की के दोस्त ने उसे धोखे से बुलाकर अपने दोस्तों के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद से नेपाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
बांके पुलिस के अनुसार, एक नेपाली युवक ने किशोरी से दोस्ती कर उसे अपने पास बुलाया था। युवती वहां पहुंची तो युवक ने दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिय। बांके पुलिस ने बताया कि लड़की को पहले बांके-बर्दिया सीमा स्थित मनखोला के जंगल और फिर टहरा में ले जाया गया था।
मानखोला के जंगल में पांच और टहरा में दो लोगों ने लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। घटना का खुलासा तब हुआ जब एरिया पुलिस कार्यालय, धनौली को खजुरा गांव पालिका-पांच में चाइर्ना इंट भट्ठे के पास मोटरसाइकिल पर दो युवकों के बीच एक लड़की अचेत अवस्था में दिखी। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने मोटरसाइकिल को रोककर पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आया। इसके बाद सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।