बहराइच। कच्ची व अवैध शराब के धंधे पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग अभियान चला रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को तहसील महसी के बौंडी थाना क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में छापामारी की गई। इस दौरान 58 लीटर कच्ची शराब व भारी मात्रा में लहन बरामद किया गया। अवैध शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए तीन मुकदमे पंजीकृत किए गये। यह जानकारी जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने दी।
उन्होंने बताया कि कच्ची व अवैध शराब के उत्पादन व बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की टीम ने थाना कैसरगंज व बौंडी के विभिन्न स्थानों पर छापा मारा। इस दौरान बौंडी खनेहटा व करनईडीह ग्राम में 58 लीटर कच्ची शराब व पांच सौ किलोग्राम लहन के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कराते हुए तीन अभियोग पंजीकृत किए गये हैं। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध शराब के उत्पादन व बिक्री पर अंकुश के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।