रुपईडीहा (बहराइच)। कस्बा स्थित मेडिकल स्टोरों पर बृहस्पतिवार को देवीपाटन मंडल की औषधि निरीक्षकों की टीम ने पुलिस व स्थानीय प्रशासन के साथ छापा मारा। इस दौरान टीम ने अवैध तरीके से संचालित एक दुकान से बरामद 30 हजार की दवा मौके पर ही सीज करते हुए छह दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
केवलपुर मोड़ पर बिना लाइसेंस के संचालित हरीश वर्मा के मेडिकल स्टोर से बरामद 30 हजार की दवाएं मौके पर ही सीज कर दी गईं। टीम ने अलीशा मेडिकल स्टोर के निरीक्षण में काफी खामियां देखकर दुकान संचालक को कड़ी फटकार लगाई। दो दवाओं के नमूने एकत्र कर दुकान बंद करा दी। टीम ने चाकिया रोड स्थित प्रदीप मेडिकल स्टोर व शिवम मेडिकल स्टोर की भी जांच कर दो-दो नमूने एकत्र किए। औषधि निरीक्षक राजू प्रसाद ने बताया कि डीएम के निर्देश पर कस्बा स्थित कई मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा गया। निरीक्षण के दौरान तीन मेडिकल स्टोरों से छह नमूने एकत्रित किए गये।