कैसरगंज (बहराइच)। कस्बा स्थित पुरानी तहसील के गेट के बगल एक लोक वाणी केंद्र व फोटो स्टेट की दुकान में बिजली का तार गिरने से आग लग गई। अग्निकांड की इस घटना में दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। लाखों का नुकसान हुआ है।
कस्बा मुख्यालय स्थित पुरानी तहसील के गेट के बगल में अखिलेश कुमार सिंह की लोक वाणी केंद्र व फोटो स्टेट की दुकान है। बीते 11/12 की मध्य रात दुकान के ऊपर से गुजरा बिजली का तार अचानक टूटकर गिर गया। जिससे दुकान धू-धूकर जलने लगी। अग्निकांड की इस घटना में दुकान में रखीं दो फोटो स्टेट मशीन, दो प्रिंटर, दो लैपटॉप, एक लैमिनेशन मशीन, इनवर्टर बैटरी, स्टेबलाइजर, दो सीसीटीवी कैमरा, कंप्यूटर समेत अन्य उपकरण पूरी तरह जलकर राख हो गये। करीब चार लाख से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है।
तार गिरने से अचानक हुई इस अग्निकांड की घटना से बिजली विभाग की लापरवाही सामने नजर आई। बताया गया कि विद्युत लाइन लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच से होकर गुजरी है। विभाग की ओर से लाइनों पर कवर व तार और उसके नीचे कोई जाल तक नहीं लगाया गया है। ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता।