बहराइच। नीति आयोग द्वारा निर्धारित सूचकांकों की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। अध्यक्षता जिले के लिए नामित केंद्रीय प्रभारी अधिकारी व संयुक्त सचिव अमितेश कुमार सिन्हा ने की। बैठक में केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदानकर जागरूक किया जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि आकांक्षात्मक जनपद में मिशन कायाकल्प के तहत 119 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रसव की सुविधा विकसित करने के बहुत ही सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उप स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रसव की सुविधा उपलब्ध हो जाने से जहां एक ओर गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए अपने घर से दूर नहीं जाना पड़ता वहीं दूसरी ओर त्वरित चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध हो जाने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में भी कमी आई है। केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने नीति आयोग द्वारा निर्धारित कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य व पोषण के सूचकांकों की प्रगति की समीक्षा की। इस मौके पर सीएमओ एसके सिंह, एसडीएम सदर सौरभ गंगवार, डीडीओ राजेश कुमार मिश्र, पीडी डीआरडीए अनिल कुमार सिंह, डीडी एग्री टीपी शाही, डीआईओएस डॉ. चंद्रपाल, डीसी एनआरएलएम संजय सिंह आदि मौजूद रहे।