बहराइच/नवाबगंज/ऱानीपुर। बुधवार देर शाम महज आधे घंटे की तेज आंधी के साथ हुई जोरदार बारिश से शहर के कई मोहल्ले जलमग्न हो गये। जिला चिकित्सालय ने तालाब का रूपधारण कर लिया। तेज आंधी व बारिश से बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज आंधी व बारिश ने कहर बरपाया। पेड़ व बिजली के पोल गिरने से कई घंटे बिजली व्यवस्था ठप रही।
बुधवार देर शाम अचानक मौसम ने करवट बदली। तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। अचानक आई तेज आंधी व बारिश से शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल गई। महज आधे घंटे की तेज बारिश से शहर का बड़ीहाट, स्टीलगंज, फायर स्टेशन के सामने, नौवागढ़ी, घसियारीपुरा, छोटीबाजार व दीवानी कचेहरी रोड समेत कई मोहल्लों में घंटो जलभराव की स्थित बनी रही। तेज आंधी में शहर के पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने लगा पेड़ विद्युत लाइन पर गिर जाने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। जिला चिकित्सालय तो तालाब में तब्दील हो गया। अस्पताल में जलभराव हो जाने से गंदा कचरा पानी में तैरने के चलते तीमारदारों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।
हुजूरपुर विकास खंड के विद्युत उपकेंद्र रंजीतपुर का 33केवी लाइन का पोल व अन्य 25 पोल गिर गए। तेज हवाओं की चपेट में आकर विद्युत लाइनों के समीप लगे तीन दर्जन से अधिक पेड़ों गिरने से क्षेत्र के सैकड़ों गांव में अंधेरा छा गया। हालात यह रहे कि बुधवार की देर शाम से बाधित हुई विद्युत आपूर्ति बृहस्पतिवार को भी दुस्त रुन होने से क्षेत्र के लोग बिजली-पानी के लिए तरसते रहे। नवाबगंज क्षेत्र में भी आई तेज आंधी व बारिश से क्षेत्र निवासी अय्यूब अंसारी के आम के बाग को काफी नुकसान हुआ। नवाबगंज निवासी मतीन के घर की दीवार, अब्दुल लतीफ के घर का दरवाजा व शिवपूजन यादव का टिन शेड उड़ गया। रहमतअली की गुमटी पर नीम का पेड़ गिर गया। एचटी लाइनों पर पेड़ गिरने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके अलावा नानपारा, नवाबगंज, मिहींपुरवा, महसी, कैसरगंज, जरवल, पयागपुरद आदि स्थानों पर भी तेज आंधी-पानी ने काफी तबाही मचाई। यहां भी कई स्थानों पर विद्युत लाइनों पर पेड़ गिरने से गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। कई स्थानों पर आपूर्ति अब तक बहाल नहीं हो सकी है। इस भीषण गर्मी में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरसने को विवश रहे।