इनोवा ने मां-बेटे को रौंदा, दोनों की मौत
- ससुर समेत दो लोग घायल, नानपारा कोतवाली क्षेत्र में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
नानपारा (बहराइच)। नानपारा-मिहींपुरवा मार्ग पर अमवा हुसैनपुर के पास पीछे से आ रही इनोवा कार ने मां-बेटे को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार में कोहराम मचा है। खैरीघाट थाना क्षेत्र के बरदहा गांव निवासी 24 वर्षीय किरन सिंह पत्नी विमल सिंह अपने एक साल के बेटे विनायक, ससुर गोविंद सिंह व गांव निवासी चांद अली के साथ किसी काम से मोतीपुर गईं थीं। बताया जाता है कि बुधवार की शाम सभी लोग एक ही बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे। नानपारा-मिहींपुरवा मार्ग पर अमवा हुसैनपुर के पास बाइक अनियंत्रित होकर तांगे से टकरा गई। टक्कर के बाद मां-बेटा सड़क पर गिर गए तभी पीछे से आ रही इनोवा ने दोनों को रौंद दिया जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ससुर व ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नानपारा कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से युवक की मौत
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। लक्ष्मननगर बाजार से फोरलेन पार कर रहे युवक को बुधवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया साथ ही ट्रक को कब्जे में ले लिया। सोनवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मननगर निवासी ननकू (46) पुत्र सैय्यद बुधवार को लक्ष्मननगर बाजार आया था। यहां से लौटते समय फोरलेन पार कर घर जा रहा था। इसी दौरान बहराइच से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी जिससे वह सड़क पर ही गिर गया। उसकी मात हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक को रोककर लक्ष्मननगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक, सोनवा सुरेंद्र कुमार शर्मा ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया। साथ ही ट्रक को कब्जे में ले लिया।