बहराइच। शहर के तिकोनीबाग चौराहे के पास स्कूल से पढ़ाकर लौट रही स्कूटी सवार शिक्षिका को रोडवेज बस ने रौंद दिया जिससे स्कूटी सवार मां-बेटी की मौत हो गई जबकि पति घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल पति की मरहम-पट्टी जिला अस्पताल में कराई गई। घटना के बाद से कोहराम मचा हुआ है।
दरगाह थाना क्षेत्र के मंसूरगंज मोहल्ला निवासी 41 वर्षीय पूनम कश्यप तेजवापुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सबलापुर में शिक्षक थीं। वह मंगलवार को अपने पति शकील अहमद और छह माह के बेटा लकी के साथ स्कूल से पढ़ाकर घर वापस आ रही थीं। बताया जाता है कि जैसे ही वह शहर के तिकोनीबाग के पास पहुंचीं वैसे ही रोडवेेज बस ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटी सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। पति की मरहम पट्टी कराई गई। नगर कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि रोडवेज से हादसा हुआ है। जांच की जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।