बहराइच। भवनियापुर रामगढ़ी गांव के ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना कारण पुलिसकर्मी ग्रामीणों पर लाठी भांजने लगे जिसमें तीन ग्रामीणों को चोटें आईं हैं। सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों से कहासुनी का वीडियो भी वायरल हुआ है। एएसपी ने मामले की जांच कराने की बात कही है। नानपारा कोतवाली क्षेत्र के भवनियापुर रामगढ़ी गांव निवासी राकेश गुप्ता, संदीप गुप्ता, अशोक कुमार, रामनरेश व रामसमुझ ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 17 मार्च को सुबह लगभग 11 बजे नानपारा कोतवाली के कुछ सिपाही आए।
उस समय कुछ बच्चे रंग खेल रहे थे। इतने में सिपाहियों ने मना किया और लाठी लेकर दौड़ा लिया। जब गांव के लोगों ने पूछा तो सिपाहियों ने उन पर भी लाठी चला दी जिसमें राकेश कुमार की अंगुली टूट गई और होंठ फट गया। अशोक कुमार का हाथ टूट गया। एक अन्य ग्रामीण को भी चोट आई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों ने होलिका न जलाने का दबाव बनाया। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों की शिकायत एसपी से की। एएसपी ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी।