बहराइच। घड़ी में सुबह आठ बजने के बाद मतगणना स्थल गल्लामंडी में मतगणना का कार्य कार्मिकों ने शुरू किया। महसी विधानसभा की मतगणना शुरू हुई तो पहले ही चरण से कमल ने बढ़त बना। पहले राउंड से महसी विधानसभा में कमल खिला और 27 राउंड की मतगणना में लगातार कमल खिलता चला गया। महसी से भाजपा प्रत्याशी ने भारी मतों से जीत दर्जकर परचम लहराया।
जिले में सात विधानसभा सीटें हैं। महसी विधानसभा से सुरेश्वर सिंह ने मतदान से लेकर मतगणना तक अपनी एक अलग पहचान रखी। सुरेश्वर सिंह ने 45788 मतों से जीत हासिल की है। सुरेश्वर सिंह को एक लाख 17 हजार 724 मत प्राप्त हुए जबकि रनर रहे सपा प्रत्याशी केके ओझा 74536 मतों पर सिमट गए। पहले राउंड से लेकर आखिरी राउंड तक सपा प्रत्याशी काफी पीछे रहे। कुछ राउंड में करीब रहे, लेकिन कहीं डटकर मात नहीं दे सके।
गल्लामंडी में सात विधानसभा सीटों की मतगणना की जा रही थी, लेकिन सबसे पहले महसी का ही रुझान व परिणाम आया। दोपहर लगभग एक बजे तक महसी विधानसभा सीट का रिजल्ट जनता के सामने आ गया।