बहराइच/बाबागंज। ससुराल आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। युवक दावत खाने के लिए घर से निकला था। युवक के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर नानपारा सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों से कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। मृतक की पत्नी ने थाने में नामजद तहरीर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के सबलापुर गांव निवासी 35 वर्षीय सीताराम अपनी पत्नी व बच्चों के साथ तीन-चार दिन पहले ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। आरोप है कि रविवार शाम बगल के गांव के कुछ लोग दावत खिलाने की बात कहकर अपने साथ ले गए थे। काफी देर तक वह नहीं लौटे। सोमवार की सुबह सहादतपुरवा-चिलबिला गांव के पास युवक का शव मिला। आरोप है कि गले पर चोट के निशान मिले हैं। राहगीरों से घटना की जानकारी परिजनों को मिली। युवक की मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। शव से थोड़ी दूर पर ही बाइक पर मिली। घटना की जानकारी मिलते ही रुपईडीहा थानाध्यक्ष प्रमोद त्रिपाठी दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे तो परिजनों ने हत्या की बात कही। मामला संदिग्ध होने पर थानाध्यक्ष ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही नानपारा सीओ जंग बहादुर यादव मौके पर पहुंचे। सीओ ने परिजनों से कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और घटना का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ससुराल आए युवक का शव मिलने के बाद परिजनों में काफी आक्रोश दिखा। न्याय पाने के लिए आक्रोशित परिजन बाबागंज चौकी पहुंचे। चौकी पर काफी भीड़ एकत्र रही। आक्रोशित परिजनों को सीओ व थानाध्यक्ष ने काफी मशक्कत के बाद समझाकर वापस भेजा। परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
रुपईडीहा थाना क्षेत्र में युवक का शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर गया था। जांचकर परिजनों को समझाया गया। शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हर पहलू पर थानाध्यक्ष को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
- जंगबहादुर यादव, सीओ, नानपारा