बहराइच। विधानसभा चुनाव में नामांकन के बाद शुक्रवार को नाम वापसी की प्रक्रिया भी पूरी हो गई। इस दौरान दो प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया है। नाम वापस लेने वाले दोनों प्रत्याशी निर्दलीय है। पांच विधानसभा क्षेत्रों में किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है। नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद अब चुनावी मैदान की तस्वीर साफ हो गई है। अब मतदाताओं के दरबार में 72 प्रत्याशी ताल ठोकेंगे जिनके भाग्य का फैसला 10 मार्च को होगा।
जिले में विधानसभा चुनाव पांचवें चरण में है। चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के बाद नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है। सातों विधानसभा सीटों से कुल 90 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। इनमें से 16 का नामांकन पत्र विभिन्न कमियों के कारण निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद चुनावी मैदान में 74 प्रत्याशी बचे थे। कलेक्ट्रेट परिसर में चस्पा सूची के अनुसार शुक्रवार को पयागपुर विधानसभा सीट से बालेंद्र व कैसरगंज विधानसभा सीट से मोहम्मद इरफान ने नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद अब 72 प्रत्याशी मैदान में बचे है। अब ये सभी मतदाताओं के दरबार में ताल ठोकने के लिए तैयार हैं। जनता सभी प्रत्याशियों का भाग्य 27 फरवरी को ईवीएम में कैद करेगी और 10 मार्च को सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा। शुक्रवार देर रात तक सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिया जाएगा।