बहराइच। मटेरा विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी ने मटेरा के रिटर्निंग अफसर पर नामांकन पत्र निरस्त करने में मनमानी का आरोप लगाया है। प्रत्याशी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र सौंपकर निरस्त हुए नामांकन पत्र पर पुनर्विचार करने की मांग की है। वहीं, बहराइच विधानसभा से जनहित किसान पार्टी के प्रत्याशी संदीप कुमार ने भी सदर के रिटर्निंग अफसर पर मनमानी का आरोप लगाया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपे पत्र में मटेरा सीट से आप प्रत्याशी अतीकुर्रहमान ने कहा है कि उन्होंने आठ फरवरी को आम आदमी पार्टी की ओर से नामांकन पत्र दाखिल किया था। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान सभी जरूरी दस्तावेज भी दाखिल किए थे। आप प्रत्याशी का कहना है कि नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद रिटर्निंग अफसर, मटेरा की ओर से दूसरा शपथपत्र व नये बैंक खाते की पासबुक देने के निर्देश दिए गए थे।
प्रत्याशी अतीकुर्रहमान ने बताया कि उन्होंने नामांकन पत्र की जांच के पूर्व आरओ मटेरा के समक्ष उपस्थित होकर शपथ पत्र प्रारुप 26 व नये बैंक की पासबुक की छायाप्रति प्रस्तुत की थी। आप प्रत्याशी का आरोप है कि आरओ ने काफी देर तक रोके रखा। इसके बाद नामांकन पत्र की जांच शुरू करते हुए निरस्त कर दिया। वहीं, संदीप कुमार ने बताया कि आरओ के मुताबिक नामांकन पत्र में कुछ कमियां थी। इन्हें दुरुस्त कराने पहुंचा तो गेटमैन ने रोक दिया। बाद में बताया गया कि समय का पूरा हो चुका है इसलिए नामांकन निरस्त कर दिया गया है।