बहराइच। वसंत पंचमी का पर्व जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया। विद्यालयों में हवन-पूजन का आयोजन हुआ और शिक्षक-शिक्षिकाओं समेत बच्चों ने विद्या की देवी सरस्वती की पूजा की। विभिन्न गायत्री शक्तिपीठों में गायत्री उपासकों ने मां शारदे के चित्र पर पुष्प वर्षा कर विधिविधान से उनकी पूजा-अर्चना की। मंदिरों में हवन के बाद तहरी बनवाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त कई अन्य संस्थानों में भी वसंत पंचमी का पर्व मनाया गया।
पुलिस मॉडर्न स्कूल में एसपी केशव कुमार चौधरी की पत्नी प्राची चौधरी ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की। प्रधानाचार्य निशा सिंह, ऊषा दुबे, कृष्णा सिंह समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने स्कूल में विधि-विधान से हवन किया और प्रसाद के रुप में लड्डू का वितरण किया गया। इंडियन बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक आशीष गुप्ता की अगुवाई में यहां भी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आरसेटी में मौजूद 30 बीसी सखी प्रशिक्षणार्थियों समेत सभी ने मां शारदा की आरती उतारी। इस दौरान संकाय सदस्य अरविंद मिश्रा, कार्यालय सहायक सनी कुमार, अतुल सिंह आदि मौजूद रहे।
शहर स्थित सैनिक किड्स पब्लिक स्कूल में भी सरस्वती पूजन हुआ। नानपारा स्थित गायत्री शक्तिपीठ में वसंत पंचमी को लेकर सुबह से ही आयोजन शुरू हो गए। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां शारदा की आराधना की और मंदिर में मौजूद पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन करवाया। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य रामशंकर मिश्रा ने सरस्वती पूजन किया। खुटेहना के बनवारी लाल इंटर कॉलेज में भी सरस्वती पूजन किया गया। वहीं, वसंत पंचमी पर्व तेजवापुर ब्लॉक के टिकोरा मोड़ स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के सातवीं के छात्र लवकुश यादव ने मां सरस्वती की मनमोहक पेंटिंग बनाई। जरवल ब्लॉक के सराय वार्ड में वसंत पंचमी पर अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया।