बहराइच। शादी का झांसा देकर विधवा महिला को बेचने जा रहे पांच मानव तस्कर को पुलिस, एसएसबी व देहात संस्था ने पकड़ा है। पकड़े गए पांचों आरोपियों में चार महिलाएं शामिल हैं। सभी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। महिला को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस नियमानुसार परिजनों को सुपुर्द करेगी।
देहात संस्था के ह्यूमन प्रोटेक्शन अफसर हसन फिरोज ने बताया कि नानपारा कोतवाली क्षेत्र के शहादत इंटर कॉलेज मैदान में महिला को बेचने की जानकारी मिली। जानकारी मिलने पर संस्था के नीरज श्रीवास्तव को ग्राहक बनाकर मानव तस्करों के पास भेजा गया। वहां पर 70 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। मानव तस्करी का मामला पुष्ट होने पर पुलिस व एसएसबी को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची टीम ने घेराबंदी करते हुए चार महिलाओं समेत पांच लोगों को दबोच लिया।
नानपारा कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए मानव तस्करों की पहचान लखीमपुर खीरी जिले के पलिया थाना क्षेत्र निवासी ऊषा देवी, श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र निवासी सुधा, रुपईडीहा थाना क्षेत्र निवासी लक्ष्मी, देहात कोतवाली क्षेत्र निवासी कुसुमा व नानपारा कोतवाली क्षेत्र निवासी रामादल यादव के रूप में हुई है। कोतवाल ने बताया कि महिला को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसके बाद नियमानुसार परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। पकड़े गए मानव तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।