बहराइच। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का ठीक होना लगातार जारी है। सोमवार आई जांच रिपोर्ट में 81 और लोगों ने संक्रमण को मात दी और 28 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। पहली बार संक्रमित मरीजों की संख्या 30 से कम हुई है। सोमवार को आई रिपोर्ट के बाद जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 415 हो गई है।
सीएमओ कार्यालय के सूचनाधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि सोमवार को 2160 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट आई, जिसमें मात्र 28 लोग संक्रमित पाए गए और 2132 लोग स्वस्थ पाए गए। सोमवार को मिले सभी 28 संक्रमितों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा दी गईं हैं। वर्तमान में जिले में कोरोना के 415 सक्रिय मरीज हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को 81 लोगों ने संक्रमण को मात दी।