बहराइच। परिषदीय विद्यालयों से उत्तीर्ण 14 वर्ष के छात्र-छात्राओं की सूची तैयार कर लक्षित किशोर-किशोरियों के टीकाकरण में सभी खंड शिक्षा अधिकारी सहयोग प्रदान करें। इससे शीघ्र ही सभी का टीकाकरण कराया जा सकेगा। ये बातें डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने बीएसए व खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि जनपद के 15 से 18 आयु वर्ग के लक्षित दो लाख 44 हजार 615 किशोर व किशोरियों के शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसमें सभी खंड शिक्षा अधिकारी सहयोग करें। डीएम ने कहा कि आगामी 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सभी ग्रामों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान के प्रति जागरूक करें। बैठक में बीएसए अजय कुमार समेत सभी खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।