बहराइच। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की ओर से वार्षिक परीक्षाएं आगामी 20 जनवरी से शुरू कराई जा रही हैं। एक ओर कोरोना संक्रमण के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय ने अपनी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं वहीं अवध विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा के आयोजन ने छात्र-छात्राओं व अभिभावकों के माथे पर चिंता की लकीरें उकेर दी हैं। महाविद्यालयीय परीक्षाओं के आयोजन के लिए लगभग माह भर पूर्व विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने ऑनलाइन परीक्षाओं के आयोजन के संबंध में भी निर्देश लागू किए थे, लेकिन इस ओर भी ध्यान नहीं दिया गया।
जनपद में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध 36 महाविद्यालय संचालित हैं। इसमें लगभग एक लाख छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विश्वविद्यालय द्वारा सभी महाविद्यालयों में आगामी 20 जनवरी से 18 फरवरी तक परीक्षाओं के आयोजन की घोषणा करते हुए स्कीम जारी कर दी गई है। सभी महाविद्यालयों में परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। जनपद में प्रतिदिन कोरोना का संक्रमण काफी तेजी से बढ़ रहा है।
ऐसे में परीक्षाओं के आयोजन की घोषणा से छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को संक्रमण की चिंता सता रही है। साथ ही महाविद्यालयों के प्राचार्य व प्रबंधक भी परीक्षा आयोजन को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। केडीसी के सचिव मेजर डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि परीक्षाओं का आयोजन कोरोना संक्रमण को देखते हुए पूरी सतर्कता के साथ कराया जाएगा। सभी परीक्षार्थियों, परीक्षकों व अन्य कर्मियों को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।