बहराइच। नरैनापुर गांव निवासी युवक की हत्या कर जंगल में शव फेंकने का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या गांव के ही तीन भैंस तस्करों ने भैंस छीनने का विरोध करने पर की थी। पुलिस ने मवेशियों को बरामद कर तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
रुपईडीहा थाना क्षेत्र के नरैनापुर गांव निवासी 35 वर्षीय किशोरी खटिक पुत्र लखपत खटिक मवेशी चराने के लिए शनिवार को अब्दुल्लागंज के जंगल में गए थे। रविवार को युवक का शव जंगल में पाया गया। युवक के गले पर चाकू से रेता गया था। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार ने बताया कि मुखबिर से पता चला कि चांद अली, आदिल उर्फ रुपई व विनोद वर्मा निवासीगण निधिनगर ने घटना को अंजाम दिया है।
एएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि तीनों एक ही गांव के हैं और भैंस चुराकर नेपाल में बेचते हैं। हम लोग किशोरी की भैंस छीनकर ले जा रहे थे तो वह विरोध करने लगा। इस पर तीनों ने चाकू से गला रेतकर किशोरी की हत्या कर दी थी और शव को जंगल में छिपाकर भाग गए थे। एएसपी ग्रामीण ने बताया कि तीनों की निशानदेही पर तीन भैंस, एक पड़वा, एक पड़िया, एक छुरा और कुल्हाड़ी बरामद की गई। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।