बहराइच। समाजवादी लोहिया वाहिनी के तत्वावधान में शनिवार को चुनाव आचार संहित लागू होने से पहले सपाइयों ने होल्डिंग युद्ध शुरू कर दिया। जिले में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ मुख्य राजनीतिक दलों में भी हलचल तेज होने लगी है। भाजपा की ओर से विपक्षी पार्टियों को निशाना बनाते हुए नगर क्षेत्र के चौक-चौराहों पर होल्डिंग लगाई गईं थीं। इसका जवाब देते हुए सपाइयों ने भी भाजपा पर झूठा प्रचार करने का आरोप लगाते हुए भाजपा की होल्डिंग के बगल में अपनी भी होल्डिंग लगा दीं।
इसमें पार्टी को देश की सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी बताया गया है। लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष नंदेश्वरनंद यादव ने कहा कि भाजपा ने कोलकाता का फ्लाईओवर, चीन का पुल व अमेरिका के हॉस्पिटल की तस्वीरों वाली होल्डिंग लगाकर जनता को गुमराह किया है। इस मौके पर विनोद यादव, अमरदीप यादव, आशीष गौरव श्रीवास्तव, मुलायम सिंह यदुवंश आदि मौजूद रहे। वहीं, आचार संहिता लागू होने के बाद होल्डिंग हटाने का दौर शुरू हुआ तो यह युद्ध थम गया।