बहराइच। प्रधानमंत्री की ओर से 15 से 18 वर्ष के बच्चों के टीकाकरण की बात कही गयी थी। इसकी शुरुआत तीन जनवरी से होगी। बच्चों के टीकाकरण को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य महकमे ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 15 से 18 वर्ष के 2.45 लाख बच्चों को पहले चरण में टीका लगाया जाएगा। संक्रमण की संभावित तीसरी लहर से बच्चों को सुरक्षित करने के लिए 15 से 18 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण तीन जनवरी से शुरू किया जा रहा है। बच्चों को यह टीका जिले की सभी 14 सीएचसी व 49 पीएचसी पर लगाया जाएगा। साथ ही ट्रामा सेंटर व मेडिकल कॉलेज में भी बच्चों के टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। टीकाकरण के जिला नोडल डॉ. जयंत ने बताया कि बच्चों का टीकाकरण पूर्व में बनाए गए टीकाकरण केंद्रों पर ही किया जाएगा।
टीकाकरण के लिए पूर्व के केंद्रों पर अतिरिक्त डेस्क बनाई जाएगी। बच्चों के टीकाकरण के लिए 195 स्वास्थ्य कर्मी लगाए गए हैं। 15 से 18 आयु वर्ग के बच्चों को सिर्फ कोवैक्सीन की डोज दी जाएगी। नोडल डॉ. जयंत ने बताया शनिवार को कोवैक्सीन की 16 हजार डोज मंगवाई गई। भंडार गृह में 40 हजार डोज पहले से मौजूद है। वहीं, टीकाकरण कार्य मे लगे स्वास्थ्य कर्मियों व 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को कोरोना की बूस्टर डोज लगाई जाएगी। डॉ. अजीत चंद्रा ने बताया कि बूस्टर डोज देने की शुरुआत 10 जनवरी से होगी। उन्होंने बताया कि बूस्टर डोज ऐसे कर्मियों को लगेगी जिनकी दूसरी डोज के 9 माह या 39 सप्ताह बीत गए हैं।