बहराइच/नानपारा। नानपारा कोतवाली क्षेत्र में चार दिन पहले हुई युवक की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, युवक की हत्या आशनाई में हुई है। युवक की हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। नानपारा कोतवाली क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी 21 वर्षीय अब्दुल हलीम पुत्र बदलू बीती मंगलवार रात को 11 बजे अचानक गायब हो गया था। दूसरे दिन बुधवार को अब्दुल हलीम का शव खेत में पड़ा मिला था।
मृतक के चाचा अमीन खां ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। नानपारा कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने बताया कि जांच के दौरान नामजद जमुना प्रसाद, तिलकराम, प्रमोद व मोहनलाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। कोतवाल ने बताया कि जांच के दौरान युवक की हत्या आशनाई के चक्कर में किए जाने की बात सामने आई है।